📅 बुधवार, 04 नवंबर 2026 | असबाबे-हिंदुस्तान डिजिटल पोर्टल

Arshdeep Singh और भारतीय तेज गेंदबाजों का कहर, पहले वनडे में New Zealand 185 पर ऑलआउट

📅 प्रकाशित: November 4, 2026 | श्रेणी: खेल

ऑकलैंड, चार नवंबर तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़ और अंशुल कंबोज ने अनुकूल परिस्थितियों में मिलकर नौ विकेट लिए जिससे भारत ने बुधवार को यहां न्यूजीलैंड को पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 185 रन पर ढेर कर दिया। न्यूजीलैंड की टीम अपने पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 40.2 ओवर में सिमट गई। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड की टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।

जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के कार्यभार प्रबंधन और चोट के कारण नहीं खेलने के बावजूद भारत के कम अनुभवी तेज गेंदबाजी आक्रमण ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। भारतीय तेज गेंदबाजों ने बादल छाए रहने और पिच से मिल रहे मूवमेंट का पूरा फायदा उठाया। अर्शदीप महंगे साबित हुए लेकिन वह सबसे सफल गेंदबाज रहे।

उन्होंने 70 रन देकर चार विकेट लिए। गुरनूर (44 रन देकर तीन) और कंबोज (10 ओवर में 22 रन देकर दो) ने उनका अच्छा साथ दिया। न्यूजीलैंड की तरफ से टिम सीफर्ट ने सर्वाधिक 38 रन बनाए जबकि 11वें नंबर के बल्लेबाज ब्लेयर टिकनर ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए चार छक्कों की मदद से 34 और ग्लेन फिलिप्स ने 30 रन का योगदान दिया।

मैदान के छोटे होने के कारण बल्लेबाज फायदे में नजर आ रहे थे लेकिन अर्शदीप ने एकदम सही लेंथ पर गेंदबाजी की जबकि गुरनूर और कंबोज में बीच के ओवरों में शानदार प्रदर्शन किया। अंशुल ने बेहद किफायती गेंदबाजी की। उनकी 48 गेंद पर कोई रन नहीं बना।

अर्शदीप ने पावरप्ले के अंदर दो विकेट लिए। न्यूजीलैंड पहले 10 ओवरों में दो विकेट खोकर 45 रन ही बना पाया। गुरनूर के दो विकेट में टॉम लैथम का विकेट भी शामिल था जिनका उन्होंने अपनी ही गेंद पर एक हाथ से रिटर्न कैच लिया।

औकिब नबी का भाग्य ने साथ नहीं दिया क्योंकि उनकी गेंद पर नमन धीर ने मिड विकेट पर सीफर्ट का आसान कैच टपका दिया। अर्शदीप ने विल यंग (09) को आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई। यंग ने पुल शॉट खेलने की कोशिश में गेंद को हवा में उछाल दिया जिसे श्रेयस अय्यर कैच किया।

हेनरी निकोल्स (09) ज्यादा सहज नहीं दिखे और वह पुल शॉट लगाने की कोशिश में धीर को कैच दे बैठे, जिन्होंने इस बार कोई गलती नहीं की। सीफर्ट ने नबी की गेंद पर छक्का जड़ा लेकिन गुरनूर की शॉर्ट पिच गेंद को उन्होंने हवा में लहरा दिया जिसे सब्सीट्यूट रुतुराज गायकवाड़ ने मिड-ऑन पर आसानी से लपक लिया। गुरनूर ने लैथम को ज्यादा देर तक नहीं टिकने दिया।

चार विकेट गिरने के बाद न्यूजीलैंड बैकफुट पर चला गया। शानदार फॉर्म में चल रहे डैरिल मिचेल (28) और फिलिप्स की जोड़ी से लड़खड़ाती पारी को संभालने की उम्मीद थी। लेकिन रोहित शर्मा की सतर्कता और केएल राहुल के प्रयास से मिचेल रन आउट हो गए।

न्यूजीलैंड की आधी टीम 100 से कम के स्कोर पर पवेलियन लौट चुकी थी, ऐसे में कंबोज ने डॉट गेंदों की संख्या बढ़ाकर और दो विकेट लेकर दबाव और बढ़ा दिया। कंबोज ने कप्तान मिचेल सैंटनर और नाथन स्मिथ को पवेलियन भेजा। इसके बाद टिकनर ने अर्शदीप के आखिरी ओवर में तीन छक्के जड़े।

स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds

×

Instant Payment

असबाबे-हिंदुस्तान UPI QR

GPay / PhonePe / Paytm से QR कोड स्कैन करें