दिल्ली ने कप्तान प्रियांश आर्य की 68 गेंदों में खेली गई 181 रन की तूफानी पारी की मदद से मंगलवार को यहां सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट में तमिलनाडु को 116 रन से करारी शिकस्त दी। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद आर्य की शानदार पारी की बदौलत पांच विकेट पर 275 रन बनाए। आर्य का स्कोर पुरुष टी20 क्रिकेट में किसी भारतीय खिलाड़ी का सर्वोच्च व्यक्तिगत और कुल मिलाकर दूसरा सर्वोच्च स्कोर है।
आर्य ने 250 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उनकी पारी में 19 छक्के और सात चौके शामिल हैं। उन्होंने पुरुषों के टी20 मैच की एक पारी में सबसे अधिक छक्के लगाने के रिकॉर्ड को भी बराबर किया।
वह अब न्यूजीलैंड के फिन एलन के साथ इस सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। इसके बाद दिल्ली के स्पिनरों ने अपना कमाल दिखाया और तमिलनाडु को 18.3 ओवर में 159 रन पर आउट कर दिया। पिछले मैच में अर्धशतक लगाने वाले 25 वर्षीय आर्य 18 गेंदों में 50 रन तक पहुंचे जिससे दिल्ली पावरप्ले में 94 रन बनाने में सफल रहा।
इस सलामी बल्लेबाज ने आर सिलंबरासन के पारी के चौथे और साई किशोर के पांचवें ओवर में 22-22 रन बनाकर तमिलनाडु के गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त कर दिया। आर्य ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा और केवल 36 गेंदों में टी20 क्रिकेट में अपना तीसरा शतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने 60 गेंदों में 150 रन का आंकड़ा पार किया।
एम सिद्धार्थ ने उन्हें पारी के अंतिम ओवर में आउट किया। आर्य दक्षिण अफ्रीका के लुआंड्रे गिल्बर्ट प्रिटोरियस के 188 रन के विश्व रिकॉर्ड से केवल सात रन पीछे रह गया। प्रिटोरियस ने पिछले महीने सीएसए प्रो20 कप में यह उपलब्धि हासिल की थी।
यही नहीं आर्य ने किरण नवगिरे के 2021 में महिला सीनियर टी20 ट्रॉफी में 76 गेंदों पर बनाए गए 162 रन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ा और इस तरह से वह टी20 क्रिकेट में एक पारी में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए। उन्होंने पुरुष टी20 क्रिकेट में किसी भारतीय खिलाड़ी के सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के केएल राहुल के पिछले रिकॉर्ड को भी तोड़ा। राहुल ने इसी साल अप्रैल में आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 67 गेंदों पर नाबाद 152 रन बनाए थे।
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी तमिलनाडु की टीम के स्पिन आक्रमण के सामने लड़खड़ा गई। दिल्ली की तरफ से दिग्वेश राठी ने 37 रन देकर चार, सुयश शर्मा ने 21 रन देकर तीन और मयंक रावत ने 46 रन देकर एक विकेट लिया। तमिलनाडु की तरफ से तुषार रहेजा ने 31 और शाहरुख खान ने 30 रन बनाए।
स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds



