📅 शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 | असबाबे-हिंदुस्तान डिजिटल पोर्टल

Mumbai के Mahim में ज्वैलरी शॉप पर फायरिंग, 10 करोड़ रुपये की रंगदारी न देने पर दी गई थी धमकी

📅 प्रकाशित: November 27, 2026 | श्रेणी: राष्ट्रीय

मुंबई में एक आभूषण की दुकान पर हुई गोलीबारी की घटना का संबंध 10 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग से जुड़े होने का संदेह है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि दुकान के मालिक को पिछले महीने कई बार धमकी भरे संदेश मिले थे लेकिन उन्होंने उन्हें नजरअंदाज कर दिया था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि एक संदेश में कथित तौर पर चेतावनी दी गई थी कि ‘जेड-प्लस’ की सुरक्षा भी दुकान मालिक को नहीं बचा पाएगी।

बुधवार शाम को माहिम स्थित पीसी जैन ज्वैलर्स की दुकान पर हेलमेट पहने दो मोटरसाइकिल सवारों ने तीन गोलियां चलाईं और बांद्रा की ओर भाग गए। गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, दुकान मालिक भरत जैन को पिछले एक महीने से व्हाट्सऐप संदेशों और फोन कॉल के जरिए लगातार धमकियां मिल रही थीं।

हालांकि, उन्होंने संदेशों को स्पैम समझकर नजरअंदाज कर दिया और पुलिस से संपर्क नहीं किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गोलीबारी की घटना से पहले जैन को तीन अलग-अलग मौकों पर धमकी भरे संदेश मिले थे। जैन को 18 अक्टूबर को एक अज्ञात नंबर से फोन आया और जब उन्होंने जवाब नहीं दिया तो शाम को उन्हें एक धमकी भरा संदेश भेजा गया जिसमें गोली मारने की चेतावनी दी गई थी।

24 अक्टूबर को उन्हें एक और संदेश मिला जिसमें लिखा था ‘‘रेडी रखना, चमत्कार होगा’’। पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को भेजे गए धमकी वाले अंतिम संदेश में कथित तौर पर 10 करोड़ रुपये की सीधी मांग के साथ-साथ जान से मारने की धमकी भी शामिल थी। अंतिम संदेश में कथित तौर पर लिखा था: ‘‘रामजी, ज्यादा दिमाग मत चला, तेरी जन्म कुंडली है।

जेड-प्लस सिक्योरिटी भी लगा रख, पैसा तुझे देना होगा। यमराज जी को देखना है तो ठीक, नहीं तो 10 करोड़ देना होगा।’’
संदेश में जैन को चेतावनी दी गई थी कि भले ही उनके पास ‘जेड-प्लस’ सुरक्षा हो लेकिन उन्हें मांगी गई रकम देनी ही होगी वरना उन्हें घातक परिणाम भुगतने होंगे। ‘जेड-प्लस’ सुरक्षा गंभीर या अत्यधिक खतरों का सामना करने वाले व्यक्तियों को प्रदान की जाने वाली उच्चतम स्तर की सुरक्षा है।

जांच अधिकारियों को संदेह है कि गोलीबारी जैन को डराने और उससे 10 करोड़ रुपये की फिरौती वसूलने के लिए की गई थी। पुलिस ने बताया कि वे मामले को सुलझाने के लिए आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हमले के बाद फरार हुए दो हमलावरों की पहचान और उन्हें ढूंढने के लिए तकनीकी निगरानी की भी मदद ली जा रही है।

स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds

×

Instant Payment

असबाबे-हिंदुस्तान UPI QR

GPay / PhonePe / Paytm से QR कोड स्कैन करें