📅 शनिवार, 28 नवंबर 2026 | असबाबे-हिंदुस्तान डिजिटल पोर्टल

Trade Fair में Delhi Traffic Police ने काटे 217 चालान, 12 लाख पहुंचे थे दर्शक

📅 प्रकाशित: November 27, 2026 | श्रेणी: राष्ट्रीय

दिल्ली यातायात पुलिस ने भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) के दौरान रोजाना 160 से 250 यातायात पुलिसकर्मियों को तैनात किया और 13 दिनों के दौरान नियमों के उल्लंघन पर 217 गाड़ियों के चालान काटे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यातायात पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (जोन दो) दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में आयोजित व्यापार मेले के दौरान यातायात को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे और मेले में कुछ दिन तो करीब 1.5 लाख लोग पहुंचे, जबकि इस दौरान कुल लगभग 12 लाख आगंतुक आए।

यह मेला शुक्रवार को संपन्न हो गया। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान यातायात जाम से संबंधित शिकायतों में भी कमी आई। उनके मुताबिक, वर्ष 2025 में आयोजित व्यापार मेले के दौरान जाम से संबंधित 31 शिकायतें आई थीं, जबकि इस साल यह संख्या घटकर 12 रह गई।

उनके अनुसार, प्रगति मैदान और उसके आसपास यातायात जाम की आशंका वाले स्थानों और संवेदनशील मार्गों की पहले ही पहचान कर ली गई थी और इसके बाद यातायात की निगरानी, पुलिसकर्मियों की तैनाती और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए विस्तृत योजना लागू की गई। अधिकारी ने बताया कि यातायात योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए परिचालन संबंधी जरूरतों और आगंतुकों की संख्या के अनुसार रोजाना 160 से 250 यातायात पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सड़क पर बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमित रूप से कार्रवाई भी की गई और 14 से 26 नवंबर के बीच यातायात नियमों के उल्लंघन पर 217 चालान काटे गए और 32 वाहनों को हटाया गया।

गुप्ता ने एक बयान में कहा कि आगंतुकों की सुविधा के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों के अलावा 25 स्थानों पर वाहनों के लिए ‘पिकअप’ और ‘ड्रॉप-ऑफ’ की व्यवस्था की गई थी और ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं के यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली यातायात पुलिस ने गूगल मैप, ओला और उबर के साथ समन्वय किया, ताकि वाहन निर्धारित स्थानों पर ही यात्रियों को उतारें और बैठाएं।

स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds

×

Instant Payment

असबाबे-हिंदुस्तान UPI QR

GPay / PhonePe / Paytm से QR कोड स्कैन करें