📅 शनिवार, 28 नवंबर 2026 | असबाबे-हिंदुस्तान डिजिटल पोर्टल

India US Trade: परस्पर लाभकारी FTA की दिशा में वार्ता जारी, Commerce Secretary ने दी जानकारी

📅 प्रकाशित: November 28, 2026 | श्रेणी: बिज़नेस

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका के साथ भारत की व्यापार वार्ता जारी है और दोनों देश एक ऐसे समझौते की दिशा में काम कर रहे हैं जो दोनों के लिए लाभकारी है। अग्रवाल ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘अमेरिका के साथ हमारी वार्ता जारी है और निरंतर चल रही है। अमेरिका हमारा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है।

उस औचित्य से हमें उनके साथ वार्ता जारी रखनी चाहिए और आगे देखते हुए एक ऐसे मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की तैयारी करनी चाहिए जो दोनों पक्षों के लिए लाभकारी हो।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम उसी दिशा में काम कर रहे हैं।’’
अग्रवाल ने कहा कि अमेरिका को भारत का 90 अरब डॉलर से अधिक का वस्तु निर्यात होता है जो एक अत्यंत महत्वपूर्ण बाजार है। बातचीत पूरी होने की समय-सीमा के बारे में पूछे जाने पर अग्रवाल ने कहा कि किसी भी मुक्त व्यापार समझौते के लिए कोई निश्चित समय-सीमा बताना मुश्किल है। उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए कोई निश्चित समय सीमा तय नहीं की जा सकती।

जब भी यह प्रक्रिया पूरी होगी और इसे आगे बढ़ाने का निर्णय लिया जाएगा, हम निश्चित रूप से आगे बढ़ेंगे।’’
अग्रवाल ने कहा कि इस साल अमेरिका को भारत का निर्यात बढ़ रहा है और दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत बने हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका हमारे लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण और बड़ा बाजार है। इस वर्ष भी अमेरिका को होने वाला हमारा निर्यात बढ़ रहा है।

हमारे व्यापारिक संबंध बहुत मजबूत हैं और मुझे इसमें कोई कमी दिखाई नहीं देती। वाणिज्य सचिव ने यह भी कहा कि सरकार छोटे व्यवसायों और उद्यमियों को निर्यात के अवसर तलाशने में मदद करने के लिए, अपने एफटीए जागरूकता कार्यक्रमों को ज़िला स्तर तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि भारत के व्यापार समझौतों के फायदों के बारे में व्यवसायों को जानकारी देने के लिए राज्य स्तर पर कार्यशालाएं पहले ही आयोजित की जा चुकी हैं।

सरकार उन उद्यमियों तक पहुंचना चाहती है जिनमें निर्यात करने की क्षमता तो है, लेकिन वे अभी तक अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों में नहीं उतरे हैं। अग्रवाल ने कहा कि इन कार्यक्रमों के जरिए सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को निर्यात प्रोत्साहन मिशन और ई-कॉमर्स से मिलने वाले अवसरों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स की मदद से हस्तशिल्प बनाने वाले छोटे उत्पादक, बड़े पैमाने पर उत्पादन किए बिना भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच सकते हैं।

सरकार निर्यात में लगने वाले समय और लागत को कम करने के लिए ई-कॉमर्स निर्यात केंद्रों पर भी काम कर रही है।’’

स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds

×

Instant Payment

असबाबे-हिंदुस्तान UPI QR

GPay / PhonePe / Paytm से QR कोड स्कैन करें