📅 गुरुवार, 12 नवंबर 2026 | असबाबे-हिंदुस्तान डिजिटल पोर्टल

Auqib Nabi को गति से अधिक अपनी घरेलू सीम पर भरोसा, New Zealand में सफलता की उम्मीद

📅 प्रकाशित: November 12, 2026 | श्रेणी: खेल

भारतीय तेज गेंदबाज औकिब नबी का मानना है कि अतिरिक्त गति के अपने फायदे हैं लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा वनडे श्रृंखला में अपनी छाप छोड़ने के लिए वह घरेलू स्तर पर पिछले कई वर्षों से हासिल किए गए अपने कौशल और सीम मूवमेंट पर अधिक भरोसा कर रहे हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर पदार्पण करने वाले नबी बल्लेबाजों को चकमा देने के लिए हवा और पिच की गति पर निर्भर रहते हैं। वह लगभग 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे से पहले पत्रकारों से बात करते हुए नबी से पूछा गया कि क्या वह अपनी गति बढ़ाने पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप अच्छी गति से गेंदबाजी करते हैं तो यह अच्छी बात है लेकिन मुझे अपने कौशल पर पूरा भरोसा है। मैंने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है।

यहां मैं अपने कौशल के दम पर आया हूं। अगर आप अच्छी गति से गेंदबाजी करते हैं तो यह एक अतिरिक्त फायदा है। लेकिन मुझे अपने कौशल पर पूरा भरोसा है।

घरेलू क्रिकेट में मैंने जो अच्छा प्रदर्शन किया है, वह यहां भी काम आ रहा है।’’
न्यूजीलैंड दौरे पर नबी को शुभमन गिल, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे बल्लेबाजों को अभ्यास सत्र के दौरान गेंदबाजी करने का मौका मिला है। उन्होंने बृहस्पतिवार को भी अभ्यास सत्र के दौरान काफी पसीना बहाया। नबी ने कहा, ‘‘मैं पहली बार न्यूजीलैंड में गेंदबाजी कर रहा हूं इसलिए यह थोड़ा अलग है।

यहां आपको सीम मूवमेंट पर अधिक निर्भर रहना पड़ता है। क्योंकि शीर्ष स्तर के बल्लेबाज स्विंग अच्छी तरह से खेलते हैं। उन्होंने (गिल, कोहली और रोहित) मुझे यही बताया।’’
नबी ने कहा, ‘‘उन्होंने मुझे बताया कि अगर आप ‘स्क्रैम्बल सीम’ (गेंद को इस तरह छोड़ना कि सीम अनियमित रहे) का इस्तेमाल करते हैं या गेंद को पिच पर ज़ोर से पटकते हैं तो विकेट हासिल करने की ज्यादा संभावना होती है।’’
नबी को टेस्ट टीम में नहीं लिया गया है लेकिन वह टीम की तैयारी में मदद करने के लिए यहीं रुकेंगे।

स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds

×

Instant Payment

असबाबे-हिंदुस्तान UPI QR

GPay / PhonePe / Paytm से QR कोड स्कैन करें