📅 गुरुवार, 12 नवंबर 2026 | असबाबे-हिंदुस्तान डिजिटल पोर्टल

Sonia Gandhi की आत्मकथा 'Belonging' पर बनेगी तेलुगु फिल्म, कांग्रेस नेता जग्गा रेड्डी ने किया प्रोजेक्ट का ऐलान, 2 करोड़ के योगदान की घोषणा

📅 प्रकाशित: November 12, 2026 | श्रेणी: मनोरंजन

भारतीय राजनीति की सबसे प्रभावशाली हस्तियों में शुमार और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के जीवन और राजनीतिक संघर्षों को अब बड़े पर्दे पर उतारा जाएगा। सोनिया गांधी के जीवन सफर पर आधारित एक भव्य तेलुगु फिल्म का निर्माण होने जा रहा है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (TPCC) के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने गुरुवार, 12 नवंबर को संगारेड्डी में आयोजित पार्टी कार्यकर्ताओं की एक विशेष बैठक के दौरान इस प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा की। यह बायोपिक सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) पर आधारित होगी।

सोनिया गांधी की आत्मकथा पर बनेगी तेलुगु फिल्म

ANI के अनुसार, जग्गा रेड्डी ने संगारेड्डी निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से फिल्म के निर्माण में योगदान देने की अपील की। ​​बैठक के दौरान, निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस संयोजक जुलाकंती अंजनेयुलु ने इस प्रोजेक्ट के लिए 2 करोड़ रुपये का योगदान देने की घोषणा की।

जग्गा रेड्डी ने फिल्म के शुरुआती काम की देखरेख के लिए 50 सदस्यीय समिति बनाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया की निगरानी गांधी भवन के जनसंपर्क अधिकारी हरिप्रसाद करेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से फंड जुटाने और एक उपयुक्त निर्देशक को काम पर रखने के लिए भी कहा।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “आप चुनाव में खर्च करते हैं, है ना? इसे भी उसी तरह का एक खर्च मानिए। आइए, बजट जुटाएं और एक अच्छा निर्देशक चुनें।” तैयारियां पूरी होने के बाद, टीम की योजना तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और TPCC अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ को आमंत्रित करने की है, ताकि वे फिल्म की शूटिंग की औपचारिक शुरुआत कर सकें।

जग्गा रेड्डी ने यह भी कहा कि सोनिया गांधी की आत्मकथा की प्रतियां मंगवाई जाएंगी और उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बांटा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को उनके जीवन और अनुभवों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करना है।

फिल्म में सोनिया गांधी का निजी जीवन और राजनीतिक सफर शामिल होगा

जग्गा रेड्डी के अनुसार, प्रस्तावित फिल्म में सोनिया गांधी के जीवन के विभिन्न चरणों को दिखाया जाएगा। इसमें इंदिरा गांधी की बहू, राजीव गांधी की पत्नी और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी की मां के रूप में उनके सफर को शामिल किया जाएगा।

माना जा रहा है कि फिल्म में उस कठिन दौर को भी दिखाया जाएगा, जिससे यह परिवार इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद गुजरा था। इसमें बताया जाएगा कि सोनिया ने इन त्रासदियों का सामना कैसे किया, अपने बच्चों की परवरिश कैसे की और आखिरकार भारतीय राजनीति में अपनी जगह कैसे बनाई।

अपने राजनीतिक सफर के बारे में बात करते हुए, जग्गा रेड्डी ने कहा कि सोनिया गांधी ने अलग-अलग धर्मों, जातियों और भाषाओं वाले इस देश में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक व्यवस्था उतनी ही गहरी है जितना कि समंदर। सोनिया गांधी ने इस राजनीति को समझा है।” उन्होंने आगे कहा कि उनका राजनीतिक करियर काफी सफल रहा है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि सोनिया गांधी कभी भी प्रधानमंत्री बनने की इच्छुक नहीं थीं। राजीव गांधी की हत्या के बाद, पी.वी. नरसिम्हा राव प्रधानमंत्री बने। जग्गा रेड्डी ने कहा कि उस दौरान सोनिया ने यह पद नहीं मांगा था।

उन्होंने आगे बताया कि जब कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) सत्ता में आया, तो पार्टी नेताओं के आग्रह के बावजूद सोनिया ने प्रधानमंत्री का पद लेने से इनकार कर दिया। इसके बजाय, उन्होंने इस पद के लिए मनमोहन सिंह का समर्थन किया। जग्गा रेड्डी ने इस फैसले को उनके राजनीतिक सफर का एक ऐतिहासिक पल बताया।

कांग्रेस नेता ने ‘महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना’ (MGNREGS) को आकार देने में सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी की भूमिका का भी जिक्र किया।

उन्होंने आगे कहा कि लोग फिर से गांधी परिवार से किसी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं, और सोनिया गांधी भी यही चाहती हैं कि राहुल गांधी देश के सर्वोच्च राजनीतिक पद को संभालें।

Entertainment News Hindi Today only at Prabhasakshi 

स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds

×

Instant Payment

असबाबे-हिंदुस्तान UPI QR

GPay / PhonePe / Paytm से QR कोड स्कैन करें