📅 शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 | असबाबे-हिंदुस्तान डिजिटल पोर्टल

कर्नाटक में निवेश बढ़ाएं, DK Shivakumar ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स को दिया सरकारी सहयोग का भरोसा

📅 प्रकाशित: November 13, 2026 | श्रेणी: बिज़नेस

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को घरेलू और वैश्विक निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए हर स्तर पर सरकारी सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने बेंगलुरु के अलावा राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की घोषणा की। इन्वेस्ट कर्नाटक के आयोजन से पहले आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवकुमार ने कहा कि सरकार कारोबार सुगमता की राह में आने वाली बाधाओं को दूर करने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, पिछड़े क्षेत्रों में निवेश के लिए प्रोत्साहन देने और राज्यभर में रोजगार के अवसर पैदा करने पर काम कर रही है।

शिवकुमार ने कहा, मैं आपको केवल निवेशक नहीं कहता। आप ऐसे प्रभावशाली लोग और दूत हैं, जिन्होंने बेंगलुरु और कर्नाटक को गौरवान्वित किया है। मेरा मानना है कि आपमें से कई लोग इस समय सीधे निवेश नहीं करेंगे, लेकिन दूसरे निवेशकों को कर्नाटक ला सकते हैं।

उन्होंने कहा कि 20 से 22 अप्रैल, 2027 तक होने वाले इन्वेस्ट कर्नाटक कार्यक्रम में दुनियाभर के निवेशक और उद्योग जगत के दिग्गज एक साथ आएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन राज्य के आर्थिक भविष्य को दिशा देने में मदद करेगा। कर्नाटक में कुशल पेशेवरों की उपलब्धता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में हर साल 13,940 चिकित्सक और नर्स सहित करीब 1.25 लाख ‘पैरामेडिकल’ पेशेवर तैयार होते हैं।

इसके अलावा हर साल 1.25 लाख से अधिक इंजीनियर भी तैयार किए जाते हैं। बिजली उत्पादन में कर्नाटक की अग्रणी भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एशिया की पहली जलविद्युत उत्पादन इकाई 1902 में शिवनासमुद्रम में स्थापित की गई थी। राज्य का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में करीब 24 गीगावाट बिजली उत्पादन क्षमता हासिल करना है।

इसके लिए अकेले इस क्षेत्र में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि कर्नाटक ने वैमानिकी, जैव प्रौद्योगिकी, अनुसंधान एवं विकास, सेमीकंडक्टर, मशीन टूल और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बनाई है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने विमानन क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाई है।

स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds

×

Instant Payment

असबाबे-हिंदुस्तान UPI QR

GPay / PhonePe / Paytm से QR कोड स्कैन करें