📅 मंगलवार, 10 नवंबर 2026 | असबाबे-हिंदुस्तान डिजिटल पोर्टल

Hormuz जलडमरूमध्य की सुरक्षा पर US की अपील, G7 देशों से नहीं मिला ठोस समर्थन

📅 प्रकाशित: November 11, 2026 | श्रेणी: अंतर्राष्ट्रीय

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने मंगलवार को जी7 समूह के सदस्य देशों से आग्रह किया कि वे “आगे आएं” और होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों को ईरान के हमलों से बचाने में मदद करें। हालांकि, रूबियो ने स्वीकार किया कि पेरिस में जी7 देशों के विदेश मंत्रियों के साथ हुई बातचीत में इस मुद्दे पर कोई प्रगति नहीं हो सकी। यह पूछे जाने पर कि जी7 देशों के विदेश मंत्रियों ने उनकी अपील पर किस तरह प्रतिक्रिया दी, रूबियो ने कहा, “मैंने यह मुद्दा उठाया।

मुझे कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली।”
उन्होंने कहा कि अमेरिका रणनीतिक लिहाज से इस अहम जलमार्ग से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाना जारी रखेगा। होर्मुज जलडमरूमध्य को वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद अहम माना जाता है। पिछले कुछ महीनों में इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को लगातार ड्रोन और मिसाइल हमलों का सामना करना पड़ रहा है।

रूबियो ने पेरिस में पश्चिम एशिया संघर्ष, यूक्रेन युद्ध और अन्य मुद्दों को लेकर जी7 देशों के विदेश मंत्रियों के साथ दो दिन की बातचीत के बाद कहा, “हमने वास्तव में अपने साझेदारों को वैश्विक नौवहन की सुरक्षा के हमारे प्रयासों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया है।”
फ्रांस सहित अमेरिका के सहयोगी देशों ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा के लिए ‘माइनस्वीपर’ (बारूदी सुरंग हटाने वाले जहाज) और अन्य सहायता उपलब्ध कराने से पहले लड़ाई को रोकना होगा। रूबियो ने स्थिति “विकट दुविधा” वाली स्थिति बताया। उन्होंने कहा, “हमारे सामने एक चुनौती यह भी है कि कुछ देश कहते हैं कि जब संघर्ष का कोई खतरा नहीं रह जाएगा, तब वे जहाजों की सुरक्षा के लिए अपनी सेनाएं उपलब्ध कराने को तैयार हैं।”
रूबियो ने कहा, “हमें लगता है कि जहाजों की सुरक्षा करना पूरी दुनिया के हित में है, क्योंकि अमेरिका को वहां से कोई तेल नहीं मिलता है।” उन्होंने कहा, “इन देशों को आगे आना चाहिए।

मुझे लगता है कि कुछ देश इस बारे में सोच रहे हैं।”
रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में त्रिपक्षीय वार्ता शुरू होने के बीच जी-7 देशों के विदेश मंत्रियों ने मंगलवार को फ्रांस में यूक्रेन के विदेश मंत्री के साथ बैठक की। यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा मंगलवार को पेरिस में सबसे पहले रूबियो के साथ बातचीत की। इसके बाद वह फ्रांस के विदेश मंत्रालय पहुंचे, जहां उन्होंने जी-7 के सभी सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के साथ बैठक की।

हालांकि, इनमें से किसी भी नेता ने बातचीत के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की। बाद में अमेरिकी विदेश विभाग ने एक संक्षिप्त बयान में कहा कि दोनों पक्षों ने “रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत, ऊर्जा सुरक्षा और रक्षा सहयोग” पर चर्चा की।

स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds

×

Instant Payment

असबाबे-हिंदुस्तान UPI QR

GPay / PhonePe / Paytm से QR कोड स्कैन करें