📅 रविवार, 29 नवंबर 2026 | असबाबे-हिंदुस्तान डिजिटल पोर्टल

Myanmar में सेना की Air Strike से शादी और बाजार में तबाही, 30 लोगों की मौत

📅 प्रकाशित: November 28, 2026 | श्रेणी: अंतर्राष्ट्रीय

म्यांमार में सैन्य हमलों का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को सेना की ओर से किए गए 3 हवाई हमलों में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। इन हमलों के साथ ही पिछले 3 दिनों में बमबारी में मरने वालों की संख्या 60 से ज्यादा हो गई है। सबसे दर्दनाक घटना पूर्वोत्तर म्यांमार के मोए बाय जिले में हुई, जहां एक शादी समारोह की तैयारी के दौरान सैन्य विमान ने बम गिरा दिया। इस हमले में 5 बच्चों समेत कम से कम 21 लोगों की मौत हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शादी समारोह में 2 विस्थापित परिवारों के लोग जुटे थे। तभी आसमान में विमान की आवाज सुनाई दी और कुछ ही देर बाद बम गिरने से वहां अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव संगठन के प्रमुख ने बताया कि हमले में 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि बचाव दल के पहुंचने के बाद दूसरा बम गिराया गया। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने पर उसे 17 लोगों के शव दिखाई दिए। कई घायल मदद के लिए चीख रहे थे। उसने कहा कि वह समझ नहीं पा रहा था कि पहले किसे बचाए। इस हमले में उसकी भतीजी भी लापता हो गई है। घटना के बाद सामने आए वीडियो में खून से लथपथ घायलों को इलाज के लिए ले जाते हुए देखा गया है।

इस बीच पश्चिमी म्यांमार के रखाइन प्रांत के म्राउक-ऊ इलाके में एक बाजार को भी निशाना बनाया गया। स्थानीय अंतिम संस्कार संगठन के प्रमुख हला माउंग ऊ के मुताबिक, यहां 9 लोगों की मौत हुई है। हमले के बाद सामने आई तस्वीरों में बाजार की टूटी इमारतों और मलबे के बीच लोगों को अपनों की तलाश करते देखा गया। विस्थापित परिवार से ताल्लुक रखने वाले 62 वर्षीय हला थान आंग ने बताया कि उन्होंने मलबे से अपनी 17 साल की बेटी को निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इसी इलाके में शनिवार देर रात एक और हवाई हमला होने की खबर है, जिसमें भी कई लोगों के मारे जाने की आशंका है।

गौरतलब है कि ये हमले ऐसे समय हुए हैं, जब 19 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने म्यांमार में रोहिंग्या मुस्लिम समुदाय के खिलाफ 2017 में हुई सैन्य कार्रवाई को नरसंहार करार दिया था। अदालत के मुताबिक, उस दौरान आम लोगों की हत्या, महिलाओं के साथ यौन हिंसा और संपत्तियों को नष्ट करने जैसे गंभीर अपराध हुए थे। म्यांमार के नेता मिन आंग ह्लाइंग ने हालांकि फैसले के कुछ हिस्सों को अनुचित बताते हुए उन्हें लागू करने से इनकार किया है।

बता दें कि म्यांमार में 2021 के सैन्य तख्तापलट के बाद से गृहयुद्ध जारी है। सेना ने आंग सान सू ची की चुनी हुई सरकार को सत्ता से हटा दिया था। इसके बाद लोकतंत्र समर्थक संगठनों और जातीय हथियारबंद समूहों ने सेना के खिलाफ संघर्ष शुरू कर दिया। निर्वासित राष्ट्रीय एकता सरकार के मुताबिक, गुरुवार को मगवे क्षेत्र में एक स्कूल और बौद्ध मठ पर हुए हमले में 20 आम नागरिकों और 9 रक्षा बल के सदस्यों की मौत हुई थी। वहीं, संघर्ष पर नजर रखने वाली संस्था एसीएलईडी के अनुसार, इस गृहयुद्ध में अब तक 100,000 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।

स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds

×

Instant Payment

असबाबे-हिंदुस्तान UPI QR

GPay / PhonePe / Paytm से QR कोड स्कैन करें