📅 रविवार, 29 नवंबर 2026 | असबाबे-हिंदुस्तान डिजिटल पोर्टल

BPCL आंध्र प्रदेश के Ramayapatnam में 1.26 लाख करोड़ रुपये से लगाएगी New Refinery

📅 प्रकाशित: November 28, 2026 | श्रेणी: बिज़नेस

देश में पेट्रोल, डीजल और पेट्रोरसायन उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए सरकारी तेल कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने एक बड़ी निवेश योजना को मंजूरी दी है। कंपनी आंध्र प्रदेश में एक नई तेल रिफाइनरी और पेट्रोरसायन परिसर स्थापित करने जा रही है। इस परियोजना पर 1,26,656 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हालांकि, इसकी अनुमानित लागत में 20 प्रतिशत तक बदलाव हो सकता है। कंपनी के इस फैसले को देश की तेल शोधन क्षमता बढ़ाने और पेट्रोरसायन के आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

बीपीसीएल ने शनिवार को शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि यह नया परिसर आंध्र प्रदेश के रामायपट्टनम में बनाया जाएगा। परियोजना का काम कंपनी की पूरी तरह अपनी सहायक इकाई के जरिए पूरा किया जाएगा। इसमें हर साल 9 मिलियन टन कच्चे तेल को साफ करने वाली रिफाइनरी स्थापित होगी। इसके साथ ही 1.5 मिलियन टन सालाना क्षमता वाला मिश्रित कच्चे माल से एथिलीन बनाने का संयंत्र और उससे जुड़े दूसरे पेट्रोरसायन प्लांट भी लगाए जाएंगे।

पूरे परिसर की कुल प्रसंस्करण क्षमता 10.5 मिलियन टन सालाना होगी। इसमें पेट्रोरसायन उत्पादों की हिस्सेदारी करीब 34 प्रतिशत रहने का अनुमान है। कंपनी के निदेशक मंडल ने शनिवार को हुई बैठक में इस परियोजना को मंजूरी दी। बीपीसीएल के मुताबिक, प्लांट से जुलाई 2032 तक नियमित कमर्शियल उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए कंपनी ने अपनी सहायक इकाई में 44,330 करोड़ रुपये तक की पूंजी लगाने को भी मंजूरी दी है। यह रकम एक बार में या अलग-अलग चरणों में दी जा सकती है। इसमें 4,900 करोड़ रुपये का वह निवेश भी शामिल है, जिसे कंपनी ने पहले 23 अक्टूबर 2026 को मंजूरी दी थी। हालांकि, इस निवेश के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति और अन्य संबंधित विभागों से मंजूरी लेनी होगी।

बीपीसीएल इस परियोजना के लिए अपनी पूंजी के साथ कर्ज का भी इस्तेमाल करेगी। कंपनी ने बताया कि कर्ज देने वाली वित्तीय संस्थाओं के साथ बातचीत और जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। परियोजना की शुरुआती लागत के मुकाबले अब निवेश का अनुमान 26 प्रतिशत से अधिक बढ़ चुका है। हालांकि, कंपनी ने लागत में 20 प्रतिशत तक बदलाव की संभावना भी जताई है।

दरअसल, भारत में पेट्रोल, डीजल और दूसरे ईंधन की मांग के साथ प्लास्टिक और रसायन उद्योग में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की जरूरत भी लगातार बढ़ रही है। पेट्रोरसायन से प्लास्टिक, पैकेजिंग, कपड़े, दवाओं और कई औद्योगिक उत्पादों के निर्माण में मदद मिलती है। ऐसे में इन उत्पादों के लिए आयात पर निर्भरता कम करना देश के लिए अहम माना जा रहा है।

कंपनी के अनुसार, नई रिफाइनरी से परिवहन में इस्तेमाल होने वाले प्रमुख ईंधनों की उपलब्धता बढ़ेगी। वहीं, पेट्रोरसायन प्लांट्स के एक साथ होने से पॉलिमर जैसे उत्पादों का आयात कम करने में मदद मिलेगी। इससे कच्चे तेल के शोधन और पेट्रोरसायन उत्पादन के बीच बेहतर तालमेल बनेगा और कंपनी को अपने उत्पादों से अधिक कमाई करने का अवसर मिलेगा।

गौरतलब है कि इस परियोजना से बीपीसीएल के कारोबार को केवल पेट्रोलियम उत्पादों तक सीमित रखने के बजाय रसायन और प्लास्टिक उद्योग से भी जोड़ने में मदद मिलेगी। कंपनी को उम्मीद है कि इससे उसकी कमाई के नए रास्ते खुलेंगे और देश के पेट्रोरसायन तथा पॉलिमर उद्योग को भी मजबूती मिलेगी हैं।

स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds

×

Instant Payment

असबाबे-हिंदुस्तान UPI QR

GPay / PhonePe / Paytm से QR कोड स्कैन करें