📅 गुरुवार, 05 नवंबर 2026 | असबाबे-हिंदुस्तान डिजिटल पोर्टल

LG Electronics India का शुद्ध लाभ दूसरी तिमाही में 489 करोड़ रुपये रहा

📅 प्रकाशित: November 5, 2026 | श्रेणी: बिज़नेस

नयी दिल्ली, पांच नवंबर एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 25.65 प्रतिशत बढ़कर 489.34 करोड़ रुपये रहा। कंपनी की ओर से शेयर बाजार को दी गई सूचना के अनुसार, प्रमुख घरेलू उपकरण एवं उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माताओं में शामिल एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया (एलजीईआई) लिमिटेड ने पिछले साल जुलाई-सितंबर में 389.43 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का परिचालन से राजस्व 19.53 प्रतिशत बढ़कर 7,380.04 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 6,174.03 करोड़ रुपये था।

एलजीईआई ने अपने नतीजों के बयान में कहा, ‘‘जिंसों की ऊंची कीमतों, रुपये में गिरावट और आगामी त्योहारी मौसम की मांग का लाभ उठाने के लिए बाजार तक पहुंच बनाने संबंधी निवेश के बावजूद लाभप्रदता बढ़ी है।’’
कंपनी ने बताया कि उसकी कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) 28 प्रतिशत बढ़कर 701 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, मार्जिन 63 आधार अंक बढ़कर 9.5 प्रतिशत पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 18.88 प्रतिशत बढ़कर 6,810.93 करोड़ रुपये रहा।

एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के घरेलू उपकरण एवं एयर सॉल्यूशंस (एचएंडए) खंड का राजस्व समीक्षाधीन तिमाही में 20.86 प्रतिशत बढ़कर 4,771.69 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान अवधि में यह 3,947.85 करोड़ रुपये था। एचएंडए कारोबार में एयर कंडीशनर, रेफ्रिजरेटर, माइक्रोवेव ओवन, वाशिंग मशीन, डिशवॉशर, कंप्रेसर, वाटर प्यूरीफायर और एयर प्यूरीफायर शामिल हैं।

कंपनी के होम एंटरटेनमेंट (एचई) खंड का राजस्व दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 17.16 प्रतिशत बढ़कर 2,608.35 करोड़ रुपये हो गया। एचई खंड में टेलीविजन (फ्लैट पैनल, साइनेज, प्रोजेक्टर और मॉनिटर टीवी), ऑडियो-विजुअल उत्पाद, मॉनिटर और पर्सनल कंप्यूटर शामिल हैं। अन्य आय को शामिल करने पर एलजीईआई की कुल आय समीक्षाधीन तिमाही में 19.37 प्रतिशत बढ़कर 7,465.60 करोड़ रुपये रही।

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में एलजीईआई की कुल एकीकृत आय 17.4 प्रतिशत बढ़कर 14,782.66 करोड़ रुपये रही। कंपनी के प्रबंध निदेशक होंग जू जियोन ने कहा, ‘‘यह प्रदर्शन भारत के टिकाऊ उपभोक्ता वस्तु उद्योग की व्यापक मजबूती को दर्शाता है। एलजीईआई एक सूचीबद्ध कंपनी के रूप में अपना पहला साल पूरा कर रही है।

यह प्रदर्शन हमारे शेयरधारकों के हम पर जताए गए भरोसे और उनके लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’

स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds

×

Instant Payment

असबाबे-हिंदुस्तान UPI QR

GPay / PhonePe / Paytm से QR कोड स्कैन करें