Reliance Industries में उछाल से Sensex 764 अंक मजबूत, Nifty भी चढ़ा

मुंबई, दो नवंबर घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज की गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज के बेहतर नतीजों के बाद उसके शेयर में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से निवेशकों की धारणा को बल मिला। विदेशी पूंजी का प्रवाह और एशियाई शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख से भी शुरुआती कारोबार के दौरान बाजार की धारणा को समर्थन मिला।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 764.72 अंक चढ़कर 75,216.80 अंक पर और एनएसई निफ्टी 201.40 अंक की बढ़त के साथ 23,255.90 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर छह प्रतिशत से अधिक चढ़ा। कंपनी ने जुलाई-सितंबर तिमाही में 29,550 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड लाभ दर्ज किया है, जो एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 33.8 प्रतिशत अधिक है।

एनटीपीसी, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, मारुति और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी लाभ में रहे। वहीं, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, टाइटन और इन्फोसिस के शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में कारोबार कर रहे हैं।

अमेरिकी बाजार शुक्रवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में तीन प्रतिशत फिसलकर 110 डॉलर प्रति बैरल पर था। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 3,598.54 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

सेंसेक्स शुक्रवार को 308.49 अंक और निफ्टी 116.35 अंक की बढ़त के साथ 23,053.10 पर रहा था।

स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds


Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×

Instant Payment

असबाबे-हिंदुस्तान UPI QR

GPay / PhonePe / Paytm से QR कोड स्कैन करें