📅 बुधवार, 25 नवंबर 2026 | असबाबे-हिंदुस्तान डिजिटल पोर्टल

ओडिशा में ऑनलाइन निवेश ठगी: 29.54 लाख रुपये हड़पने वाले तीन आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

📅 प्रकाशित: November 25, 2026 | श्रेणी: राष्ट्रीय

ओडिशा की साइबर पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर एक निजी कंपनी के सेवानिवृत्त कर्मचारी से 29.54 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में नयी दिल्ली से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिमी दिल्ली के निवासी मोहम्मद नौशाद अली उर्फ अविनाश मिश्रा (35), मयंक (20) और हरीश कुमार (19) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 59 वर्षीय पीड़ित ने यहां लिंगराज थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि साइबर ठगों ने ऑनलाइन निवेश योजना में अधिक मुनाफा देने का वादा करके उससे 29.54 लाख रुपये ठग लिये। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता सोशल मीडिया मंचों के जरिए ठगों के सम्पर्क में आया था।

उन्होंने बताया कि ठगों ने उसे निश्चित रूप से अधिक मुनाफा और दोगुना लाभ देने का वादा करके अपने विश्वास में ले लिया। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने 23 से 28 अप्रैल के बीच एक ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच के जरिए 9.54 लाख रुपये का निवेश किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद ठगों ने उसे 15,000 अमेरिकी डॉलर का बोनस देने का लालच दिया और गोल्डन कार्ड की सदस्यता पाने के लिए 15 लाख रुपये और निवेश करने को कहा।

उन्होंने दावा किया कि इस सदस्यता से वह बिना किसी रोक के अपनी रकम निकाल सकेगा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने अपनी सावधि जमा (एफडी) तुड़वाकर 20 लाख रुपये एक अन्य आरोपी के बैंक खाते में स्थानांतरित कर दिए जो फिलहाल फरार है। पुलिस ने बताया कि रकम मिलने के बाद ठगों ने उससे संपर्क करना बंद कर दिया तथा न तो उसकी निवेश की गई रकम लौटाई और न ही 25 लाख रुपये का वादा किया गया मुनाफा दिया।

जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फरार खाताधारक को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पंजाब, तमिलनाडु और तेलंगाना से मिली तीन अन्य शिकायतें भी फरार आरोपी के इसी बैंक खाते से जुड़ी पाई गई हैं।

स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds

×

Instant Payment

असबाबे-हिंदुस्तान UPI QR

GPay / PhonePe / Paytm से QR कोड स्कैन करें