नयी दिल्ली, नौ नवंबर कैंसर रोधी 1,364 दवा ‘फॉर्मूलेशन’ के संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) सोमवार से लागू हो गए हैं। इस कदम से उपभोक्ताओं को सालाना अनुमानित 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होने की उम्मीद है। आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, औषधि विभाग के तहत काम करने वाले राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति की 17 अक्टूबर, 2026 को सौंपी गई सिफारिशों के आधार पर 137 कैंसर रोधी दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य पर व्यापार ‘मार्जिन’ की सीमा तय की थी।
मंत्रालय के अनुसार, आठ नवंबर 2026 तक 85 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 ‘फॉर्मूलेशन’ के संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य की जानकारी दी है। रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के औषधि विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि 679 ब्रांड के दाम में 50 प्रतिशत से अधिक की कटौती की गई है। सबसे अधिक 96.45 प्रतिशत की कटौती दर्ज की गई है।
मंत्रालय ने कहा कि किसी भी दवा विक्रेता या अस्पताल की ‘फार्मेसी’ (दवा बेचने की दुकान) को संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की अनुमति नहीं है। विज्ञप्ति के अनुसार, उपभोक्ता दवाओं के पैकेट पर छपे संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य, ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल ऐप या एनपीपीए की आधिकारिक वेबसाइट के जरिये दवाओं की कीमतों की जांच कर सकते हैं। इसमें कहा गया कि उपभोक्ता अधिक कीमत वसूलने या मूल्य से जुड़ी अन्य समस्याओं की शिकायत ‘फार्मा जन समाधान’ मंच पर दर्ज करा सकते हैं या एनपीपीए की हेल्पलाइन 1800-111-255 पर संपर्क कर सकते हैं।
स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds



