वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को भरोसा जताया कि भारत चालू वित्त वर्ष में वस्तुओं एवं सेवाओं के निर्यात का एक लाख करोड़ डॉलर का लक्ष्य हासिल कर लेगा। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष की पहली छमाही में ही देश का कुल निर्यात करीब 480 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जो सालाना लक्ष्य का 48 प्रतिशत है। गोयल ने भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 के बारे में जानकारी देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में कहा कि अक्टूबर महीने के व्यापार आंकड़े भी उत्साहजनक हैं।
इन आंकड़ों को वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल 13 नवंबर को जारी करेंगे। उन्होंने कहा, एक लाख करोड़ डॉलर का निर्यात लक्ष्य हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है और हमें इसे हासिल करना है। हम लक्ष्य का 48 प्रतिशत पहले ही हासिल कर चुके हैं।
अक्टूबर के आंकड़े भी उत्साहजनक हैं और हम इस लक्ष्य को हासिल करने की राह पर हैं। गोयल ने वाहन उद्योग से घरेलू बाजार के साथ वैश्विक बाजारों पर भी ध्यान देने और निर्यात बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के अंतिम रूप लेने से भारतीय उत्पादों को वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के करीब 75 प्रतिशत हिस्से वाले बाजारों में तरजीही पहुंच मिलेगी।
उन्होंने कहा कि 27 देशों के यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ व्यापार समझौते से भारत के वाहन और परिवहन क्षेत्र को बड़े अवसर मिलेंगे। उनके मुताबिक, यूरोपीय कंपनियां शुरुआत में भारतीय बाजार में कुछ चुनिंदा मॉडल भेजकर मांग का आकलन कर सकती हैं और उसके बाद भारत में विनिर्माण शुरू कर सकती हैं। इससे उन्हें भारतीय बाजार के साथ वैश्विक बाजारों के लिए भी प्रतिस्पर्धी लागत पर वाहन बनाने का अवसर मिलेगा।
गोयल ने कहा कि भारतीय वाहन कंपनियों को इस अवसर का लाभ उठाने के लिए वैश्विक कंपनियों के साथ साझेदारी एवं सहयोग करना चाहिए। इससे वाहन क्षेत्र के साथ-साथ इस उद्योग से जुड़े स्टार्टअप, इस्पात और रबड़ क्षेत्र को भी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि घरेलू बाजार के साथ वैश्विक बाजारों को जोड़ने से उत्पादन का पैमाना बढ़ेगा और भारतीय कंपनियां कीमत के मामले में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बन सकेंगी।
गोयल ने कहा कि वाहन क्षेत्र में रोजगार की संख्या मौजूदा तीन करोड़ से बढ़कर आने वाले वर्षों में 10 करोड़ तक पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मारुति सुजुकी अब जापान सहित 50 से अधिक देशों में भारत से वाहन निर्यात कर रही है। उन्होंने उद्योग से भारत मोबिलिटी एक्सपो में प्रदर्शित किए जाने वाले सभी क्षेत्रों में निर्यात की संभावनाएं तलाशने को कहा।
इस अवसर पर वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने वाहन उद्योग से नवाचार और नए उत्पादों के विकास पर ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिवहन उद्योग में तेजी से बदलाव हो रहा है और भारतीय कंपनियों को नवाचार के मामले में आगे रहना होगा। उन्होंने क्षेत्र के सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) को भी बढ़ावा देने की जरूरत बताई।
भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो के तीसरे संस्करण का आयोजन दिल्ली के भारत मंडपम और यशोभूमि में होगा। इसमें 2.5 लाख वर्गमीटर से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र, इसमें 11 प्रदर्शनियां होंगी और 1,750 से अधिक प्रदर्शक शामिल होंगे। आयोजकों को इसमें 10 लाख से अधिक लोगों के आने की उम्मीद है।
स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds



