हिंदुस्तान जिंक और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास ने इलेक्ट्रिक तिपहिया का प्रोटोटाइप विकसित किया है जिसमें जिंक-एयर (जस्ता—हवा) बैटरी लगी है। इसे लिथियम-आयन बैटरी पैक के साथ इस्तेमाल करने के लिए डिजाइन किया गया है जिससे वाहन की ड्राइविंग रेंज बढ़ सकती है। हिंदुस्तान जिंक ने बृहस्पतिवार को एक बयान में बताया कि हाल ही में पेश किए गए इस प्रोटोटाइप में लगभग 1 किलोवोट/घंटा की जिंक-एयर बैटरी का इस्तेमाल किया गया है।
यह बैटरी वाहन की कुल ऊर्जा जरूरतों का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा पूरा करती है। इसमें लिथियम-आयन बैटरी वाहन को रफ्तार को बढ़ावा देने और अधिक ऊर्जा की खपत वाले कामों के लिए ताकत देती है जबकि जिंक-एयर बैटरी वाहन के चलते समय लगातार ऊर्जा की आपूर्ति करती है। इसके अनुसर यह पहल हिंदुस्तान जिंक और आईआईटी मद्रास के बीच 2024 में शुरू हुए अनुसंधान सहयोग के तहत की गई है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह परियोजना अब प्रयोगशाला की अनुसंधान से आगे बढ़कर वाहन प्रोटोटाइप में तकनीक के परीक्षण के चरण तक पहुँच गया है। जिंक-एयर बैटरी, जिंक और आसपास की हवा में मौजूद ऑक्सीजन का इस्तेमाल करके बिजली बनाती है। इस तकनीक में पानी पर आधारित न जलने वाला इलेक्ट्रोलाइट इस्तेमाल होता है।
यह मौजूदा बैटरी तकनीकों की तुलना में सुरक्षा और लागत के मामले में अधिक फायदेमंद हो सकती है। हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि भारत में जस्ते के प्रचुर भंडार हैं जो ऊर्जा भंडारण के लिए घरेलू विकल्प विकसित करने में मदद कर सकते हैं। इससे बैटरी बनाने के लिए जरूरी सामग्री के आयात पर निर्भरता भी कम हो सकती है।
उन्होंने कहा कि कंपनी पारंपरिक औद्योगिक उपयोगों के अलावा, जिंक के नए इस्तेमाल के तरीकों की तलाश कर रही है। प्रकाश ने कहा, चूंकि भारत में जस्ता प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है, इसलिए हमारे पास ऐसे घरेलू ऊर्जा भंडारण समाधान खोजने का मौक़ा है जो विकसित भारत के दृष्टिकोण में योगदान दे सकें।
स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds



