📅 गुरुवार, 26 नवंबर 2026 | असबाबे-हिंदुस्तान डिजिटल पोर्टल

NSE को RBI से मिली हरी झंडी, शुरू होंगे कॉरपोरेट बॉन्ड सूचकांक वायदा अनुबंध

📅 प्रकाशित: November 26, 2026 | श्रेणी: बिज़नेस

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) को कॉरपोरेट बॉन्ड सूचकांकों पर वायदा अनुबंध शुरू करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से अनापत्ति प्रमाणपत्र मिल गया है। इससे देश के निश्चित आय वाले बाजार में नए डेरिवेटिव उत्पाद शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। शेयर बाजार को इन अनुबंधों को निर्धारित नियामकीय रूपरेखा के तहत शुरू करने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से भी इसी तरह का अनापत्ति प्रमाणपत्र इससे पहले ही मिल चुका है।

एनएसई ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि वह लागू नियामकीय रूपरेखा के अनुसार इन अनुबंधों को शुरू करने के लिए जरूरी परिचालन संबंधी तैयारी करेगा। अनुबंधों की विशेषताओं और कारोबार शुरू होने की तारीख के बारे में अलग से जानकारी दी जाएगी। प्रस्तावित कॉरपोरेट बॉन्ड सूचकांक वायदा बाजार भागीदारों को कॉरपोरेट बॉन्ड के मूल्य में उतार-चढ़ाव से जुड़े जोखिम का प्रबंधन करने के लिए पारदर्शी और मानकीकृत शेयर बाजार-आधारित साधन उपलब्ध कराएंगे।

इसमें ब्याज दरों और ऋण जोखिम के अंतर में बदलाव से होने वाले उतार-चढ़ाव भी शामिल हैं। इन अनुबंधों से निवेश पोर्टफोलियो के स्तर पर जोखिम से बचाव (हेजिंग) करने, कॉरपोरेट बॉन्ड बाजार की दिशा को लेकर निवेश का रुख अपनाने और पोर्टफोलियो का अधिक प्रभावी प्रबंधन करने में मदद मिलने की उम्मीद है। यह नया उत्पाद निश्चित आय वाले एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) और अन्य निष्क्रिय ऋण निवेश उत्पादों के बढ़ते दायरे को भी पूरक बनाएगा।

एनएसई के मुख्य कारोबार विकास अधिकारी श्रीराम कृष्णन ने कहा, “कॉरपोरेट बॉन्ड सूचकांक वायदा की शुरुआत इस दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम होगी। इससे तेजी से बढ़ते बॉन्ड बाजार और प्रभावी शेयर बाजार-आधारित निवेश एवं जोखिम प्रबंधन साधनों की उपलब्धता के बीच की खाई को पाटने में मदद मिलेगी।”

स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds

×

Instant Payment

असबाबे-हिंदुस्तान UPI QR

GPay / PhonePe / Paytm से QR कोड स्कैन करें