📅 शनिवार, 07 नवंबर 2026 | असबाबे-हिंदुस्तान डिजिटल पोर्टल

Pakistan का Trade Deficit चार महीनों में 16 प्रतिशत बढ़कर 15 अरब डॉलर के पार

📅 प्रकाशित: November 7, 2026 | श्रेणी: बिज़नेस

(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, सात नवंबर पाकिस्तान का व्यापार घाटा चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीनों के दौरान 16 प्रतिशत बढ़कर लगभग 15 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया है। एक मीडिया रिपोर्ट में शनिवार को बताया गया कि इस दौरान निर्यात वृद्धि में निरंतर सुस्ती के बीच आयात 26 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया। समाचार पत्र द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने शुक्रवार को पाकिस्तान सांख्यिकी ब्यूरो (पीबीएस) के हवाले से बताया कि जुलाई से अक्टूबर के दौरान आयात और निर्यात के बीच का अंतर बढ़कर 14.6 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 16 प्रतिशत अधिक है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पहले चार महीनों में आयात 2.9 अरब अमेरिकी डॉलर या 12.5 प्रतिशत बढ़कर 26 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष के लिए केंद्रीय बैंक ने ऊर्जा आयात बिल बढ़ने के कारण आयात के बढ़कर 71 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने का अनुमान लगाया है। पीबीएस ने कहा कि जुलाई से अक्टूबर के दौरान कुल निर्यात 11.4 अरब अमेरिकी डॉलर रहा, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 8.5 प्रतिशत अधिक है।

चालू वित्त वर्ष के लिए सरकार ने ज्यादातर बड़े निर्यातकों को सस्ते ऋण उपलब्ध कराने हेतु बजट में 88 अरब पाकिस्तानी रुपये की सब्सिडी का प्रावधान किया है। निर्यात हर महीने 2.5 अरब अमेरिकी डॉलर से तीन अरब अमेरिकी डॉलर के आसपास बना हुआ है, और एक डॉलर के मुकाबले 100 पाकिस्तानी रुपये का अवमूल्यन भी इसे कोई बड़ा प्रोत्साहन नहीं दे सका। केंद्रीय बैंक के अनुसार शुक्रवार को एक डॉलर के मुकाबले पाकिस्तानी रुपया एक पैसे मजबूत होकर 276.66 पाकिस्तानी रुपये पर था।

स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds

×

Instant Payment

असबाबे-हिंदुस्तान UPI QR

GPay / PhonePe / Paytm से QR कोड स्कैन करें