रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात पैसे मजबूत होकर 93.44 (अस्थायी) पर रहा। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपये को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच नए भू-राजनीतिक तनाव से वैश्विक बाजारों में जोखिम लेने की धारणा कमजोर हुई और डॉलर मजबूत हुआ, जिससे रुपये ने सुबह की बढ़त गंवा दी।
हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट ने भारतीय मुद्रा को सहारा दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 93.47 पर खुला। कारोबार के दौरान यह 93.25 के उच्चतम और 93.57 के निम्नतम स्तर तक पहुंचा।
अंत में रुपया 93.44 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से सात पैसे अधिक है। रुपया मंगलवार को 43 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात महीने के उच्च स्तर 93.51 पर बंद हुआ था। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, घरेलू बाजारों में ऊंचे स्तर से गिरावट और डॉलर की मजबूती के कारण रुपये ने सुबह की बढ़त गंवा दी।
फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की आक्रामक टिप्पणियों और अमेरिका-ईरान के बीच नए भू-राजनीतिक तनाव के कारण डॉलर 19 महीने के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट ने रुपये की गिरावट को सीमित किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति, अमेरिका-ईरान के बीच नए तनाव और डॉलर की मजबूती के कारण रुपये में मामूली कमजोरी रहने की संभावना है।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद भी रुपये पर दबाव डाल सकती है। हालांकि, वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी से आयात खर्च घटने के कारण रुपये को समर्थन मिल सकता है। कारोबारियों की नजर अमेरिका के आवास बाजार से जुड़े आंकड़ों पर रहेगी।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.30 प्रतिशत बढ़कर 103.79 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.46 प्रतिशत गिरकर 92.71 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 500.38 अंक गिरकर 82,031.81 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 159.45 अंक टूटकर 25,227.95 पर रहा।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 4,195.38 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
स्रोत: एजेंसियां / Asbabe Hindustan Feeds



